नशा मुक्ति एवं मोबाइल के सीमित उपयोग पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

कटघोरा (सत्यम जायसवाल) कल्चुरी पब्लिक स्कूल, कटघोरा में विगत दिनों नशा मुक्ति एवं मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़े सदस्यों ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा मोबाइल फोन का आवश्यकता के अनुसार ही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न रूपों तथा उसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में नशे की आदत बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना चाहिए।
इसके साथ ही मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग पर भी विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग पढ़ाई, स्वास्थ्य, नींद और एकाग्रता पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। विद्यार्थियों से मोबाइल का उपयोग मनोरंजन के बजाय शिक्षा एवं आवश्यक कार्यों के लिए सीमित समय तक करने की अपील की गई।
कार्यशाला में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मुक्ता जायसवाल, शिक्षिकाएं नेहा प्रजापति, हाफिजा परवीन एवं शालू शर्मा सहित शिवशंकर जायसवाल उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा मोबाइल का संतुलित उपयोग करने का संकल्प लिया।





