डी.ए.वी. जेंजरा में भक्तिमय वातावरण में मनाया गया नवरात्रि उत्सव

कटघोरा (सत्यम जायसवाल )डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जेंजरा में नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास से परिपूर्ण भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं की अनुपम छटा बिखेरी। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नवरात्रि नाटिका कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें माँ दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों का भावपूर्ण एवं मनमोहक चित्रण किया गया। माँ दुर्गा और महिषासुर के मध्य हुए भीषण युद्ध तथा महिषासुर मर्दन के प्रभावशाली मंचन ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस नाटिका के माध्यम से शक्ति, साहस, नारी सामर्थ्य तथा अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. राज रेखा शुक्ला ने अपने उद्बोधन में माँ दुर्गा की आराधना, नवरात्रि एवं दशहरे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सत्य, साहस और सदाचार के मार्ग पर चलने तथा बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। भक्तिमय गीतों ने संपूर्ण वातावरण को माँ दुर्गा की आराधना से गुंजायमान कर दिया। वहीं, नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने कक्षावार पारंपरिक एवं रंग-बिरंगी गरबा वेशभूषा में मनमोहक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। पारंपरिक परिधानों की आकर्षक छटा, गरबा की लयबद्ध थिरकन और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्ति, उमंग और उल्लास के रंगों से सराबोर हो उठा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के साथ-साथ सामूहिक सहभागिता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों को भी प्रोत्साहित किया। इस प्रकार नवरात्रि उत्सव माँ दुर्गा की आराधना, शक्ति की उपासना और सांस्कृतिक एकता
की झलक दिखाई दिया।






