Uncategorized

9 दिवसीय रक्तदान शिविर – तीसरा दिन उत्साह और सेवा भावना के साथ संपन्न

 

कटघोरा (सत्यम जायसवाल ) कटघोरा में मानवता और सेवा के संदेश को सशक्त रूप से आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी युवा मंच कटघोरा, मारवाड़ी युवा मंच नवचेतना शाखा कटघोरा एवं रेड क्रॉस सोसायटी कटघोरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 9 दिवसीय रक्तदान शिविर का तीसरा दिन गोपाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। विशेष रूप से यह उल्लेखनीय रहा कि कई युवाओं एवं नागरिकों ने आज पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की, जिससे अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर नवचेतना शाखा की महिला सदस्यों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायक बना दिया। शाखा की अध्यक्ष प्रियंका बंसल, सचिव प्रियंका अग्रवाल एवं सदस्य वर्षा अग्रवाल ने स्वयं रक्तदान कर यह सिद्ध किया कि समाज सेवा में महिलाएं भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उनके इस सराहनीय कदम की उपस्थित जनों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

 

आयोजकों द्वारा गोपाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंधन एवं विशेष रूप से अस्पताल के संचालक डॉ. गोपाल गोस्वामी का उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से शिविर सुचारु रूप से संचालित हो सका।

 

आयोजक संस्थाओं ने जानकारी दी कि यह 9 दिवसीय रक्तदान शिविर शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सके और रक्त की कमी जैसी समस्या से निपटा जा सके।

 

कार्यक्रम में अजय गर्ग, नवीन गोयल, घनश्याम शर्मा, मुकेश गोयल, राजू दास दिवान, इखलाक शेख, अनील अग्रवाल, संजय मित्तल, केशव अग्रवाल, पियुष अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल, प्रियंका बंसल, प्रियंका अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, नेहा सिंघल एवं मीतू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, विशेषकर प्रथम बार रक्तदान करने वालों का अभिनंदन करते हुए भविष्य में भी इस महाअभियान से जुड़ने की अपील की और कहा कि “रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं।”

Shiv Shankar Jaiswal

Kanti News: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। Kanti News पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button