Uncategorized

कटघोरा में विशाल रक्तदान शिविर सफल, युवाओं ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी

कटघोरा/छुरी ( सत्यम जायसवाल ) गोपाल मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कटघोरा एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, शाखा कटघोरा के संयुक्त तत्वावधान में 11 अप्रैल 2026 को विकासखंड कटघोरा अंतर्गत नगर पंचायत छुरी के सांस्कृतिक भवन, इंदिरा चौक, पुरानी बस्ती में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कुल 36 लोगों ने रक्तदान किया।

शिविर में श्री गोपाल मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ गोपालबन गोस्वामी, भारतीय रेडक्रास सोसायटी कटघोरा के चेयरमैन अजय गर्ग, नगर पंचायत छुरी के पार्षद करुणा शंकर, बजरंग दल के नरेंद्र ठाकुर, छुरीकला राजपरिवार के राजा राज्यवर्धन सिंह सहित कई गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर श्री गोपाल मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. गोपाल बन गोस्वामी ने रक्तदान के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचती है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। उन्होंने शिविर की सफलता में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

 

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी कटघोरा के चेयरमैन अजय गर्ग ने अपने वक्तव्य में कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है, यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का कार्य है।” उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए साथ ही बताया कि उन्होंने अब तक कुल 43 बार रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान करने का एक छोटा सा प्रयास किया है और आगे भी करते रहेंगे।

 

शिविर के सफल संचालन में कटघोरा ब्लड बैंक के संचालक ज्योति प्रकाश जायसवाल एवं स्टाफ अजय, निरंजन, कमलेश, हिमांशु, एवं राकेश ने पूरी तत्परता के साथ अपनी सेवाएं दीं और अहम भूमिका निभाई, जिससे रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई

 

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविरों से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। अंत में सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की गई।

Shiv Shankar Jaiswal

Kanti News: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। Kanti News पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button