कटघोरा कॉलेज के स्वयंसेवकों ने निभाई मतदाता मित्र की जिम्मेदारी




कटघोरा, (सत्यम जायसवाल) शासकीय मुकुटधर पांडेय महाविद्यालय, कटघोरा के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने नगरीय निकाय चुनाव में मतदाता मित्र के रूप में उत्कृष्ट सेवा कार्य किया। 11 फरवरी 2025 को हुए चुनाव में इन स्वयंसेवकों ने नगर पालिका क्षेत्र कटघोरा और नगर पंचायत छुरी के विभिन्न मतदान केंद्रों पर निःशक्त, दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने और वापस ले जाने में सहायता की। इसके अलावा, उन्होंने मतदाताओं को कतार में व्यवस्थित करने, पानी पिलाने और अन्य सहयोगी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस सेवा कार्य में कार्यक्रम सहायक अमन पांडेय, श्वेता कंवर, शिखा गोस्वामी, अरुण, प्रियांशु, अमन बघेल, आशीष पटेल और पारुल निषाद सहित कई स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस सराहनीय पहल के लिए कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा, जिला संगठक प्रो. वाय. के. तिवारी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मदनमोहन जोशी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवदयाल पटेल और महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी प्रतिमा कंवर ने स्वयंसेवकों को बधाई दी। महाविद्यालय स्टाफ ने भी इस सेवाभावी कार्य की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।






