वार्ड नंबर 7 की नारकीय नालियां बनीं जी का जंजाल, जहरीले जीवों का खतरा बढ़ा

कटघोरा (सत्यम जायसवाल)⬥ वार्ड नंबर 7 रानी लक्ष्मीबाई नगर की नाली की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। नालियों की सफाई न होने के कारण उनमें गंदा पानी बह रहा है, जिससे आसपास की सड़कें और गलियां पूरी तरह जलमग्न हो जाती हैं। इससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों के ऊपर से बहते पानी के कारण घरों में आना-जाना भी मुश्किल हो गया है, वहीं दुकानों के अंदर तक बदबूदार पानी घुसने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंदगी और जलभराव की वजह से जहरीले जीव-जंतु, यहां तक कि सांप भी घरों और दुकानों के अंदर घुसने लगे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। इलाके के लोग पिछले 6 महीनों से नगर पालिका परिषद कटघोरा में लगातार आवेदन देकर शिकायत दर्ज करवा रहे हैं। सीएमओ, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षद द्वारा कई बार निरीक्षण भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।
स्थानीय निवासी आरोप लगा रहे हैं कि हर बार निरीक्षण के नाम पर केवल आश्वासन दिया जाता है और असल में काम कुछ नहीं हो रहा। जनता अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सरकार और नगर पालिका से वार्डवासियों की अपील है कि तत्काल प्रभाव से सफाई कार्य शुरू करवाकर उन्हें इस नारकीय स्थिति से राहत दिलाई
जाए।





