भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र में विश्व दिव्यांग जन दिवस पर सहायक उपकरणों का वितरण

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के बिलासपुर जिले के हिर्री माइंस में सीएसआर विभाग द्वारा आज 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग जन दिवस के अवसर पर 112 दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस आयोजन में एलिम्को के सहयोग से विभिन्न सहायक उपकरण जैसे बैटरी ट्राई सायकल, सामान्य ट्राई सायकल, व्हील चेयर, कैलिपर, प्रोस्थेसिस, कान की मशीन, बैसाखी, छोटी व्हील चेयर, छड़ी, मोबाइल फोन, ब्रेल किट, सुगम्य केन आदि वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन पवन कुमार थे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक माइंस बी के गिरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक फ्लक्स श्रीकांत,  महाप्रबन्धक सीएसआर शिवराजन नायर, उप महाप्रबंधक हिरी माइंस सोमनाथ कुमार सिंह, उपमहाप्रबंधक  हिरी माइंस एन एम मेश्राम, उप प्रबन्धक सीएसआर के के वर्मा तथा माइंस और बीएसपी के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा आसपास के निवासी उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि पवन कुमार ने दिव्यांग जनों को इन सहायक उपकरणों के महत्व के बारे में बताया और साथ ही इस दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उपस्थित सभी हितग्राहियों को सकारात्मक दृष्टिकोण रखने और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना दृढ़ता से करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एलिम्को के प्रबंधक ने अपने द्वारा प्रदान किए गए उपकरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद महाप्रबन्धक सीएसआर शिवराजन नायर ने सीएसआर विभाग की गतिविधियों एवं भविष्य में आयोजित होने वाले वितरण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

यह कार्यक्रम दिव्यांग जनों के जीवन को सरल और सहायक बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, ताकि वे अपने दैनिक कार्यों को स्वतंत्रता और आत्मविश्वास से कर सकें। इसके पूर्व भी भिलाई इस्पात संयंत्र ने एलिम्को के सहयोग से दुर्ग जिला, भिलाई इस्पात कल्याण चिकित्सालय, वनांचल क्षेत्र आदि में भी सहायक उपकरणों का वितरण किया है। साथ ही दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों हेतु कई  परीक्षण शिविर आयोजित किया है।


Shiv Shankar Jaiswal

Kanti News: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। Kanti News पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

Leave a Reply

Back to top button